सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी रेल पथ पर करौंदिया रेलवे क्रॉसिंग के निकट एक बुजुर्ग बृहस्पतिवार की सुबह काफी देर से रेलवे पटरी के किनारे बैठा था। स्थानीय लोगों के अनुसार इसी बीच सुल्तानपुर स्टेशन की ओर जा रही एक मालगाड़ी के सामने वह कूद गया। चलती मालगाड़ी के सामने कूदने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी के उप निरीक्षक सुनील वर्मा मौके पर पहुंचे और छानबीन की। सूचना पर मृतक के परिवारीजन जीआरपी थाने पहुंचे। मृतक की शिनाख्त बल्दीराय क्षेत्र के चकफाजिलपुर निवासी राम लक्ष्मण वर्मा (65) के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि राम लक्ष्मण किसी बीमारी से पीड़ित थे। बृहस्पतिवार की भोर वे घर से बिना बताए निकले थे। परिवारीजन उनकी तलाश कर रहे थे।