अखंडनगर के कम्पोजिट विद्यालय में पहलवानों ने दिखाया दम। -संवाद
अखंडनगर (सुल्तानपुर)। कंपोजिट विद्यालय अखंडनगर में रविवार को राज्य स्तरीय दंगल हुआ। इसमें पुरुष व महिला पहलवानों ने जोर आजमाइश की। फाइनल राउंड में अयोध्या के पहलवान सुदामा व गाजीपुर की पहलवान सीमा ने दम दिखाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी पहलवानों को आयोजक मंडल की ओर से पुरस्कृत किया गया।
अखंडनगर कंपोजिट विद्यालय के खेल मैदान में रविवार को ग्राम प्रधान बेहराभारी की ओर से राज्य स्तरीय दंगल का आयोजन कराया गया। इसमें कई स्थानों से आए पहलवानों ने अपने बाजुओं की ताकत का प्रदर्शन किया। पहला मुकाबला दिल्ली के पहलवान निहाला व अयोध्या के सुदामा दास के बीच हुआ। इसमें सुदामा दास विजयी रहे।
दूसरा मुकाबला आजमगढ़ के आनंद व अयोध्या के संतोष पहलवान के बीच हुआ। यह मुकाबला बराबरी पर छूटा। तीसरा मुकाबला गाजीपुर से आईं पहलवान सीमा व बिहार से आईं काजल पहलवान के बीच हुआ। इसमें सीमा ने काजल को चित कर दिया।
इसके बाद वाराणसी के पहलवान राजेश का मुकाबला गोरखपुर के अंगद पहलवान से हुआ। इसमें राजेश के दांव-पेच ने उन्हें जीत दिलाई। आखिरी मुकाबला अयोध्या के सुदामा दास व दिल्ली के अजय पहलवान के बीच हुआ। इसमें सुदामा दास को जीत मिली। यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा।
दंगल को देखने के लिए बड़ी संख्या में दिन भर ग्रामीणों की भीड़ कंपोजिट विद्यालय पर जुटी रही। आयोजक मंडल की ओर से विजेता व उप विजेता पहलवानों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक भगेलूराम ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से ग्रामीण क्षेत्र में भी लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर राजेश सिंह, अमित पांडेय, सुशील शुक्ल, बासदेव यादव, राम सूरत प्रजापति समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।