सुल्तानपुर। कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के फार्मेसी संकाय में बृहस्पतिवार से तीन दिवसीय फार्मा फेस्ट का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न फार्मेसी कॉलेजों से आए विद्यार्थियों ने कई खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
फार्मा फेस्ट का शुभारंभ मुख्य अतिथि नलकूप खंड के अधिशासी अभियंता जगदीश कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि जीवन में खेलकूद का बड़ा महत्व है। केएनआईपीएसएस के प्राचार्य प्रो. आलोक कुमार सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ ही खेल भी जरूरी है। पहले दिन कई आउटडोर और इनडोर प्रतियोगिताएं हुईं।
इसमें क्रिकेट, वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, कैरम, चेस, शॉट पुट, रस्साकसी और 100 मीटर दौड़ शामिल रही। कैरम प्रतियोगिता में तान्या बरनवाल अव्वल रहीं। शिखा मौर्या उप विजेता घोषित हुईं। शेष प्रतियोगिताओं के लीग मैच ही खेले गए।
प्रतियोगिता में कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, कुंवर हरिवंश सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी जौनपुर, राजर्षि रणंजय सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी अमेठी, चौधरी कॉलेज ऑफ फार्मेसी अंबेडकरनगर, कुंवर अजीत सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी जौनपुर के 500 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
तीन दिवसीय आयोजन का समापन 11 फरवरी को होगा। इस मौके पर पूर्व प्राचार्य प्रो. राधेश्याम सिंह, केएनआईसीई करौंदिया के प्रधानाचार्य डॉ. एनडी सिंह, फार्मेसी संकाय के निदेशक डॉ. महेश प्रसाद समेत कई लोग मौजूद रहे।