सुल्तानपुर। बल्दीराय क्षेत्र के पीपरगांव में चल रहे सात दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में 16 टीमों ने प्रतिभाग किया। सोमवार को फाइनल मैच महाबीरन व नौगवां टीम के बीच खेला गया। टॉस जीत कर महाबीरन की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निधारित 15 ओवर के मैच में महाबीरन की टीम ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 151 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नौगवां की टीम महज 140 रन पर ही धराशायी हो गई। महाबीरन की टीम ने नौगवां को 11 रन से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। मैन ऑफ द मैच व सीरीज का खिताब सन्नी सिंह को मिला।