कुड़वार (सुल्तानपुर)। विकास खंड क्षेत्र कुड़वार की ग्राम पंचायत दाउदपुर व मिठनेपुर में शुक्रवार को जन चौपाल का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी सुभाष सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को समझकर संबंधित के पास निराकरण के लिए भेजा।
चौपाल में पात्र गृहस्थी कार्ड में छह यूनिट के कार्ड धारकों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए कोटेदार को निर्देशित किया गया। परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु, राशनकार्ड, पेंशन व आवास संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के साथ सरकार की योजनाओं पर चर्चा हुई।
चौपाल में सचिव प्रिया सिंह, ग्राम रोजगार सेवक संजय शर्मा, पंचायत सहायक, प्रधान प्रतिनिधि इमरान, आंगनवाड़ी, आशा बहू व सैकड़ों ग्रामवासी मौजूद रहे। वहीं राजस्व व स्वास्थ्य विभागों के कर्मचारियों के न रहने से इन विभागों से संबंधित समस्याओं को लेकर आने वाले ग्रामीण मायूस हुए। डोमनपुर में आयोजित जन चौपाल में भी ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण किया गया।