सुल्तानपुर। बेगमपुरा एक्सप्रेस में 29 नवंबर को सफर के दौैरान सैैनिक का एटीएम कार्ड चोरों ने पार कर दिया। इसके बाद कार्ड से शहर के चौक क्षेत्र की एक गहने की दुकान पर दो लाख का भुगतान किया। सैनिक ने आईजीआरएस पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज की। एसपी के निर्देश पर शनिवार को कोतवाली नगर में केस दर्ज किया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बलिया जिले के डूहा बिहरा निवासी आनंद प्रताप सिंंह ने आईजीआरएस में शिकायत दर्ज कराई। वह वर्तमान समय में बीसीसी यूनिट लेह लद्दाख में तैनात हैं। वह 29 नवंबर को बेगमपुरा अप सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एस-सिक्स कोच में सीट नंबर-55 पर वाराणसी से चंडीगढ़ जा रहे थे।
उनका आरोप है कि सुल्तानपुर स्टेशन पर उनकी जेब से वीजागोल्ड एटीएम कार्ड किसी ने चोरी कर लिया। इसके बाद उनके कार्ड से सुल्तानपुर के ठठेरी बाजार में दास ज्वेलर्स के यहां से ज्वेलरी की खरीदारी की गई। एटीएम से पहली बार एक लाख, दूसरी बार 75 हजार व तीसरी बार 25 हजार रुपये का भुगतान किया गया।
भुगतान होने पर खाते से कटी रकम की जानकारी अकाउंट से लिंक मोबाइल नंबर पर मैसेज आने के बाद हुई। इसके बाद उन्होंने एटीएम ब्लॉक करवा दिया। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत करने के बाद एसपी सोमेन बर्मा के आदेश पर शनिवार को कोतवाली नगर में केस दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर श्रीराम पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।