सुल्तानपुर। राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छह विद्यार्थी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) में कैंपस चयन के जरिए चयनित हुए हैं। चयनित विद्यार्थियों को अधिकतम 11.50 लाख रुपये वार्षिक का पैकेज मिलेगा।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) एक भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी है, जो भारतीय सशस्त्र बलों और अन्य क्षेत्रों के लिए इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद और सिस्टम बनाती है। कंपनी की ओर से केएनआईटी में बुधवार को कैंपस चयन का आयोजन किया गया। जिसमें इलेक्ट्रॉनिक्स व मैकेनिकल के तीन-तीन छात्र छात्राओं का चयन किया गया है।
निदेशक प्रो. आरके उपाध्याय ने कहा कि यह चयन केएनआईटी के लिए गर्व का क्षण है। यह न केवल छात्रों की क्षमता का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि संस्थान छात्रों को उद्योग जगत की मांगों के अनुरूप तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रो. डीएल गुप्ता ने चयनित बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कैंपस ड्राइव को संस्थान की कैरियर डेवलपमेंट सेल की ओर से कार्यान्वित किया गया।
इन छात्रों का हुआ चयन : सौरभ साहू, जागृत मिश्रा, अर्पित, मैकेनिकल इंजीनियरिंग की आस्था त्रिपाठी, गोविंद कुमार और राजेश पटेल शामिल हैं। सभी को नियुक्ति पाठ्यक्रम पूर्ण होने के बाद दी जाएगी।