सुल्तानपुर। कायाकल्प अवार्ड के लिए वर्ष 2022-23 में प्रदेश की कुल 327 चिकित्सा इकाइयों व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में से जिले की छह सीएचसी का चयन किया गया है। कायाकल्प स्कोर के आधार पर सभी सीएचसी को पुरस्कार की राशि भी दी गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके त्रिपाठी ने बताया कि जिले के दूबेपुर, कुड़वार, बल्दीराय, भदैयां, प्रतापपुर कमैचा व मोतिगरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को कायाकल्प अवार्ड मिला है। उन्होंने बताया कि कायाकल्प स्कोर के आधार पर चिकित्सा इकाइयों को पुरस्कार की राशि प्रदान की गई है।
सीएचसी दूबेपुर का कायाकल्प स्कोर 93.29 है जिसको 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली है। सीएचसी कुड़वार का कायाकल्प स्कोर 92.14 है जिसको पुरस्कार राशि के तौर पर 1.25 लाख रुपये दिए गए हैं।
सीएचसी बल्दीराय का कायाकल्प स्कोर 86.14 है जिसको पुरस्कार राशि एक लाख रुपये, सीएचसी भदैयां का कायाकल्प स्कोर 77.71 है जिसको पुरस्कार राशि एक लाख रुपये, सीएचसी पीपी कमैचा का कायाकल्प स्कोर 73.71 है जिसको पुरस्कार राशि एक लाख रुपये व सीएचसी मोतिगरपुर का कायाकल्प स्कोर 72.43 है जिसको पुरस्कार राशि के रूप में एक लाख रुपये प्रदान किए गए हैं।