धनपतगंज (सुल्तानपुर)। सीताराम स्मारक इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बृहस्पतिवार को न्याय पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कबड्डी के बालिका वर्ग में सीताराम स्मारक इंटर कॉलेज व बालक वर्ग में जूनियर हाईस्कूल कनकपुर के बच्चों ने बाजी मारी।
कबड्डी प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में चार टीमों ने प्रतिभाग किया। जूनियर हाईस्कूल पीरो सरैया व सीताराम इंटर कॉलेज पूरे बख्तावर के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में सीताराम स्मारक इंटर कॉलेज ने पीरो सरैया की टीम को पराजित किया।
बालक वर्ग में भी चार टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें जूनियर हाई स्कूल कनकपुर व जूनियर हाईस्कूल पड़रे की टीम अंतिम मुकाबले में पहुंचीं। कनकपुर ने पड़रे को पराजित किया। कबड्डी के अलावा खो-खो, लंबी कूद के साथ अन्य प्रतियोगिताएं हुईं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
समाजसेवी जितेंद्र प्रताप ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं मिलजुल कर रहने की प्रेरणा देती हैं। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी मो. अरशद ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य केदारनाथ पांडेय, खेल प्रशिक्षक शैलेंद्र पांडेय के साथ कई लोग मौजूद रहे।