मेमू को लखनऊ स्टेशन तक संचालन करने की शुरू हुई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर। लखनऊ से वाराणसी तक शटल एक्सप्रेस से यात्रा करने में लोगों को पसीने छूट रहे हैं। अप व डाउन ट्रेन खचाखच भरी रहने से लोगों को मजबूरन खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए वाराणसी के शिवनगर से लखनऊ के उतरेटिया तक संचालित मेमू ट्रेन का संचालन लखनऊ तक करने की मांग उठने लगी है।
स्थानीय स्टेशन से शटल एक्सप्रेस से सुबह लखनऊ तक की यात्रा करना व वापसी में शाम को इसी ट्रेन से सुल्तानपुर तक की यात्रा मुश्किल भरी हो गई है। परिवार के साथ यात्रा करना इसमें बेहद जाेखिम भरा हो गया है। भीड़ से इसमें खड़े होने की जगह नहीं मिल रही है। परेशानियों को देखते हुए वाराणसी के शिवगनर से लखनऊ के उतरेटिया स्टेशन तक संचालित होने वाली मेमू ट्रेन के संचालन की मांग लखनऊ तक करने की मांग उठने लगी है। लोगों का कहना है कि वाराणसी से बनकर चलने वाली शटल और शिवनगर से चलने वाली मेमू ट्रेन सुबह आठ बजे के करीब स्थानीय स्टेशन से कुछ अंतराल पर छूट रही हैं, लेकिन उतरेटिया तक मेमू के संचालन से उसमें काफी सीटें खाली रह जा रही हैं, जबकि शटल में खड़े होने की जगह नहीं है। यात्रियों की इस परेशानी को देखते हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव रणजीत सिंह सलूजा ने केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र लिखकर मेमू का संचालन लखनऊ तक करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि आखिर मेमू क्यों उतरेटिया तक भेजी जा रही है। उनके पत्र के जवाब में मंडल रेल प्रबंधक की ओर से लखनऊ में कुछ कार्य का हवाला दिया गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि संचालन लखनऊ तक नहीं बढ़ाए जाने पर फिर केंद्रीय रेल मंत्री व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखा जाएगा।