भदैंया (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के पखरौली गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम केबल चेक करने व बकाया वसूलने गई बिजली विभाग की टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्राम प्रधान की मौजूदगी में महिलाओं ने उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता व अन्य बिजली कर्मियों से अभद्रता कर उन्हें बंधक बना लिया। पुलिस के पहुंचने पर बिजली कर्मी थाने गए और ग्राम प्रधान समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने भी केस दर्ज करने के लिए विद्युत कर्मियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोलेपुर बिजली उपकेंद्र के पखरौली गांव में बृहस्पतिवार को बिजली कर्मियों ने बकाया बिल जमा करने व वसूली के लिए शिविर लगाया था। शाम को उपखंड अधिकारी कुमार विकल्प व अवर अभियंता रविशंकर मौर्य की मौजूदगी में टीम गांव के बकायेदारों के कनेक्शन काटने गांव में पहुंच गई। पखरौली गांव की दलित बस्ती में महिलाओं ने बकायेदारों के केबल कनेक्शन काटने का विरोध किया। इसी को लेकर विवाद होने लगा।
उपखंड अधिकारी व अवर अभियंता को महिलाओं व ग्रामीणों ने घेर लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार व गालीगलौज करने लगे। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान विष्णुशंकर ने भी ग्रामीणों का साथ दिया और कनेक्शन काटने पर आपत्ति जताई। इसके बाद ग्रामीण उग्र हो गए और बिजली अधिकारियों व कर्मचारियों से धक्का-मुक्की करते हुए लाठी, डंडा लेकर वाहन सहित बंधक बना लिया।
इस पर बिजली अधिकारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने उन्हें ग्रामीणों से छुड़ाया और थाने ले आई। अवर अभियंता लोलेपुर रविशंकर मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान विष्णुशंकर, सुशीला देवी, लालचंद्र, राधेश्याम, आनंद कुमार, श्याम बहादुर व दो अन्य के खिलाफ हमला कर धमकी व गाली देने और मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया है। इस बारे में कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिह ने बताया कि मुकदमा दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।