लंभुआ (सुल्तानपुर)। तहसील क्षेत्र लंभुआ के आरपीएम पब्लिक स्कूल जगन्नाथपुर में रविवार को भारत स्काउट गाइड का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें अनुशासन का पालन करना, मीनार, शिष्टाचार, गांठ एवं बंधन, टेंट पिचिंग, हैंड स्ट्रेचर, बिना बर्तन के भोजन बनाने आदि का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह, शिक्षक मृगेंद्र सिंह के नेतृत्व में त्रिदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। रविवार को समापन अवसर पर हेड ट्रेनिंग काउंसिलर स्काउट आदर्श शुक्ल ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से छात्र-छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में भी जीवन जीने कि कला सिखाई जाती है। उनमें समाजसेवा की भावना पैदा की जाती है।
स्काउट गाइड की प्रार्थना में ही कर्म को प्रधानता दी गई है। हम अपने छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने की प्रेरणा देते हैं। इससे वे विषम परिस्थितियों में भी देश की सेवा कर सकेंगे। ट्रेनिंग काउंसिलर गाइड सौम्या तिवारी ने कहा कि स्काउट गाइड प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों को देश का अच्छा नागरिक बनाता है। इस मौके पर सहायक ट्रेनिंग काउंसिलर निखिल पाल, शिक्षक रोहित तिवारी, विवेक यादव, अजय यादव, स्वाति सिंह, शगुन, श्वेता पांडे समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।