विद्यालय में बच्चों को पढ़ाते डीएम।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता शिक्षक की भूमिका में आ गए। अपने गोद लिए जूनियर स्कूल दूबेपुर पहुंचकर निरीक्षण करने के बाद डीएम ने एक घंटे तक बच्चों की क्लास ली।
निरीक्षण में निकले डीएम बृहस्पतिवार दोपहर दूबेपुर जूनियर विद्यालय में पहुंचे। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए डीएम ने इस विद्वालय को स्वयं गोद लिया है। डीएम ने छात्र-छात्राओं व शिक्षकों के उपस्थिति की जानकारी ली। मिड-डे मील को चखा। अन्य व्यवस्थाएं देखने के बाद वे कक्षा में पहुंच गए। डीएम ने कक्षा छह, कक्षा सात व कक्षा आठ के छात्रों को बारी-बारी से एक घंटे तक अंग्रेजी, गणित व विज्ञान पढ़ाया। प्रत्येक कक्षा में 20-20 मिनट का अध्यापन कार्य किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों से सवाल भी पूछे और सही जवाब नहीं मिलने पर बच्चों को समझाया। गणित का सवाल ब्लैक बोर्ड पर हल कराया। शिक्षा के प्रति छात्रों को प्रोत्साहित किया।
इसके बाद बगल के आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया। केंद्र पर पंजीकृत बच्चों व पोषाहार के बारे में जानकारी ली। इसके पहले अमहट के गोराबारिक में स्थित गोवंश आश्रय स्थल का जायजा लिया। लंपी बीमारी से पशुओं का बचाव करने के लिए सावधानी बरतने का निर्देश दिया। इस मौके पर संबंधित मौजूद रहे।