पखरौली रेलवे स्टेशन के पास ब्रिज पर चल रहा कार्य।
भदैंया (सुलतानपुर)। सुलतानपुर-वाराणसी रेलखंड पर शनिवार को पांच घंटे का ब्लॉक लेकर निर्माणाधीन ब्रिज पर आरसीसी बॉक्स रखे गए। इस कार्य को लेकर डाउन लाइन पर ट्रेनों का आवागमन पांच घंटे तक ठप रहा। अप लाइन से काशन पर ट्रेनों का संचालन किया गया। ब्लॉक के दौरान ट्रैक से लोडेड मालगाड़ियों का संचालन नहीं किया गया।
सुल्तानपुर से पखरौली रेलवे स्टेशन के बीच स्थित ब्रिज संख्या 263 पर शनिवार को आरसीसी बॉक्स स्थापित करने के लिए रेलवे की ओर से ट्रैफिक/पॉवर ब्लॉक लिया गया। सुबह 11:15 बजे से डाउन लाइन पर ब्लॉक लेकर ट्रैक ब्रिज पर आरसीसी बॉक्स स्थापित करने का काम शुरू किया गया।
इस बीच महामना डाउन, बेगमपुरा अप, सद्भावना अप एक्सप्रेस का संचालन कॉशन पर अप लाइन से किया गया। इसे लेकर पहले ही कुंभ डाउन एक्सप्रेस का रूट डायवर्जन किया गया था। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक पखरौली आरएस भारती ने बताया कि ब्लॉक लेकर कई काम कराए गए हैं। इसे लेकर ब्लॉक के दौरान कार्य स्थल के निकट से ट्रेनें काशन पर रवाना की गईं।