गोसाईंगंज (सुल्तानपुर)। बाजार से घर जा रहे व्यवसायी से नकाबपोश दो बदमाशों ने असलहे के बल पर साढ़े 17 हजार रुपये के साथ ही एक बैटरी लूट ली। व्यवसायी ने इसका विरोध किया तो दोनों बदमाशों ने उसकी पिटाई भी की। पीड़ित ने थाने में घटना की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कूरेभार थाना क्षेत्र के गुप्तारगंज निवासी महेश गुप्ता पॉपकॉर्न बेचते हैं। गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के सुदनापुर बाजार में दुर्गा पूजा मेले में महेश ने दुकान लगाई थी। मंगलवार की रात करीब 11 बजे दुकान बंद करके वे मोपेड से घर लौट रहे थे। रास्ते में सुदनापुर से बाबूगंज के बीच भटपुरा गांव के पास बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और असलहा सटाकर 17.5 हजार रुपये के साथ ही एक बैटरी लूट ली। महेश ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें पीटा भी। चौकी प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा। (संवाद)