सुल्तानपुर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत ब्लॉक क्वालिटी कंट्रोलर की भर्ती प्रक्रिया विवादों से घिरी होने की वजह से रद्द हो गई है। भर्ती के लिए फिर से आवेदन मांगे गए हैं। 16 दिसंबर तक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
ब्लॉकों पर होने वाली क्वालिटी कंट्रोलर (गुणवत्ता नियंत्रक) की भर्ती में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी की ओर से घूस मांगे जाने के प्रकरण का खुलासा होने के बाद प्रक्रिया विवादों में थी। घूस लेने की कोशिश में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी रामयश यादव, लेखाकार विनोद यादव समेत एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।
इसके बाद एएओ और लेखाकार बीएसए कार्यालय में नहीं आए। एफआईआर में जिस लेखाकार विनोद यादव का नाम है, वह खुद भी क्वालिटी कंट्रोलर की नियुक्ति में आवेदक था। बताया जाता है कि अंतिम रूप से चयनित होने वाली सूची में भी विनोद का नाम शामिल था। इन्हीं सब अड़चनों को देखते हुए डीएम ने पूरी भर्ती प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। सेवायोजन पोर्टल पर क्वालिटी कंट्रोलर के 15 पदों पर भर्ती के लिए सूचना अपलोड की गई है। 16 दिसंबर तक क्वालिटी कंट्रोलर भर्ती के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। जिन अभ्यर्थियों ने पहले आवेदन किया था, उन्हें पुन: नए सिरे से आवेदन करना होगा।
अमेठी के एएओ ने लिया प्रभार
अमेठी में समग्र शिक्षा अभियान के सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी नरेंद्र पाल सिंह ने मंगलवार को बीएसए कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि राज्य परियोजना निदेशालय के आदेश पर अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार) को यहां आकर काम निपटाएंगे। जरूरत पड़ने पर अन्य दिनों में भी कार्यालय आकर काम निपटाया जाएगा।