सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड के अंकपत्र में दर्ज परीक्षार्थी का नाम, माता-पिता का नाम और जन्म तिथि में संशोधन के लिए जीआईसी में 17 एवं 18 अगस्त को कैंप लगेगा। इसके लिए एक प्रशासनिक अधिकारी और दो लिपिकों की टीम बनाई गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी से संबंधित परीक्षार्थियों के अभिलेखों में नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि आदि में संशोधन कराना हो तो राजकीय इंटर कॉलेज में लगे कैंप में वांछित अभिलेखों के साथ उपस्थित हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वाराणसी क्षेत्रीय कार्यालय में हाईस्कूल के 77 विद्यार्थियों व इंटरमीडिएट के 75 विद्यार्थियों ने संशोधन के लिए आवेदन कर रखा है। कैंप लगने से विद्यार्थियों को वाराणसी तक का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अपर सचिव ने शिविर में प्रशासनिक अधिकारी मान सिंह, कनिष्ठ सहायक रोहित कुमार मौर्य और विजय कुमार पटेल की ड्यूटी लगाई है।