हनुमानगंज बाजार में सराफा की दुकान पर सीसीटीवी फुटेज की जांच करते पुलिस कर्मी। -संवाद
भदैंया (सुल्तानपुर)। जिले में बदमाशों का दुस्साहस कम नहीं हो रहा है। हनुमानगंज बाजार में दो बाइक सवार बदमाशों ने सर्राफा व्यवसायी के हाथ से गहनों भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। इस घटना से बाजार के व्यापारियों में आक्रोश है क्योंकि चार महीने पहले दूसरे व्यवसायी के साथ हुई इसी तरह की घटना का पुलिस अब तक पर्दाफाश नहीं कर पाई है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के हनुमानगंज बाजार में भपटा निवासी अर्जुन सोनी सराफा व्यवसाय करते हैं। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े सात बजे जब वे दुकान बंद कर रहे थे तो उसी वक्त काली बाइक से दो युवक आए। बाइक से उतरकर चेहरा ढके एक बदमाश ने उनके हाथ से बैग छीनने की कोशिश की जबकि दूसरा बाइक स्टार्ट करके खड़ा था। जब उन्होंने बैग नहीं छोड़ा तो बदमाश ने उन्हें धक्का दिया और बैग लेकर बाइक पर बैठकर फरार हो गया। बैग में करीब 25 हजार की नकदी व एक लाख के जेवरात थे।
यह सूचना मिलते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया और व्यापारी एकत्र हो गए। कुछ ही देर में पुलिस वहां पहुंची लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ले ली। बताया जा रहा है कि बाइक चलाने वाले युवक का चेहरा खुला था जबकि पीछे बैठे बदमाश ने चेहरा ढक रखा था।
कोतवाली देहात प्रभारी सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। रात करीब नौ बजे सीओ अब्दुस सलाम ने भी घटना स्थल की जांच की।