सुल्तानपुर। शहर के पंत स्टेडियम में चल रही तीन दिवसीय राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप 2024 में 35 प्लस वर्ग के खेल को सुल्तानपुर की टीम ने अपने नाम कर लिया। अन्य प्रतियोगिताओं को अन्य जिलों व प्रदेशों के खिलाड़ियों ने जीता है। शुक्रवार को समापन पर पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में अंडर 15 बॉयज और गर्ल्स, ओपन सिंगल, ओपन डबल, 35 प्लस एवं 45 प्लस वर्ग मेंस डबल्स और मिक्सड डबल्स का आयोजन हुआ। अंडर 15 बॉयज में आजमगढ़ से आए प्रशांत पाठक ने प्रथम और आदर्श ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर 15 गर्ल्स में प्रयागराज से आई सना ने प्रथम और जिले की अंजली को दूसरा स्थान मिला।
ओपन सिंगल में मध्य प्रदेश से आए सक्षम राजपाल प्रथम व शिवांश गुर्जर को दूसरा स्थान मिला। ओपन डबल्स में भी सक्षम और शिवांश विजेता व मोक्ष और धर्मवीर उपविजेेता रहे। 35 प्लस वर्ग में जिले के कलेक्ट्रेट कर्मचारी अनूप गुप्ता और जावेद सलीम की जोड़ी ने लखनऊ से आए मनीष सिंह और प्रदीप को हराया।
45 प्लस वर्ग में प्रदीप और मनीष की जोड़ी विजेता व जुल्फिकार अहमद और मोहमद मोहीद की जोड़ी उपविजेता रही। मिक्सड डबल्स में विवेक वर्मा व निधि की जोड़ी विजेता और ऋषभ और रिचा की जोड़ी उपविजेता रही। जिला बैडमिंटन कमेटी के सचिव जुल्फिकार अहमद ने बताया कि यह आयोजन जिले में बैडमिंटन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया से नियुक्त किए गए कोच शमीम सुल्तान समेत अन्य लोगों के नाम किया गया था।
उन्होंने प्रदेश व देश के कई उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया था। जिला बैडमिंटन कमेटी ने विजेताओं को 51,000 रुपये, ट्रॉफी व मेडल दिया। सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट देकर इवेंट को संपन्न कराया गयै। समापन पर पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने खिलाड़ियों को पुरस्कार का वितरण किया।