सुल्तानपुर। शहर से सटे हनुमानगंज बाजार में संचालित एक कबाड़ी की दुकान से शुक्रवार को आरपीएफ ने जंक्शन बॉक्स का बॉडी कवर व सिंक ऑफ कटर बरामद किया। बरामद सामान के साथ दो कबाड़ियों को पकड़ा गया है। उनके खिलाफ आरपीएफ कार्रवाई कर रही है।
ऑपरेशन रेलवे सुरक्षा के तहत आरपीएफ सुल्तानपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर शहर से सटे हनुमानगंज बाजार में संचालित बालाजी ट्रेडर्स कबाड़ी की दुकान पर शुक्रवार को आरपीएफ ने दबिश दी। तलाशी में वहां से एक सिंक ऑफ कटर व एक जंक्शन बॉक्स का बॉडी कवर मिला। इस संबंध में कबाड़ी की ओर से कोई भी वैध प्रमाण पत्र नहीं दिखाया जा सका।
आरपीएफ के पूछने पर उन लोगों ने बताया कि यह कबाड़ करन सिंह व उसके साथ आये अन्य तीन व्यक्तियों से 2,800 रुपये में खरीदा गया है। इसके बाद दुकानदार विपिन कुमार व उसके सहयोगी नूर आलम के खिलाफ रेल सुरक्षा संपत्ति अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। आरपीएफ प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि करन सिंह व उसके अन्य तीन साथियों की तलाश की जा रही है। कबाड़ की दुकान से बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये है।