फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: गृहमंत्री अमित शाह पर टिप्पणी मामले में राहुल को मिली जमानत

विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोर्ट में पेश हुए। एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव ने राहुल गांधी की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। मामले में अगली सुनवाई दो मार्च को होगी। राहुल गांधी की पेशी को लेकर मंगलवार को सुबह से ही गहमा-गहमी रही।
विज्ञापन

कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार सुबह 11:05 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दीवानी न्यायालय पहुंचे। उन्होंने एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। उनके वकील केपी शुक्ल की ओर से जमानत अर्जी पर बहस की गई। कहा कि फर्जी केस दायर किया गया है। परिवादी विजय मिश्र की ओर से अधिवक्ता संतोष पांडेय ने जमानत अर्जी का विरोध किया। एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव ने दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद राहुल गांधी को जमानत दे दी। कोर्ट ने 25-25 हजार रुपये के दो जमानतदार व निजी मुचलका दाखिल करने पर राहुल गांधी को रिहा करने का आदेश दिया।
कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई के लिए दो मार्च की तिथि नियत की है। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद राहुल गांधी 11:20 बजे दीवानी न्यायालय से निकल गए। चार अगस्त 2018 को कोतवाली देहात थाने के हनुमानगंज निवासी जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्र ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ कोर्ट में परिवाद दायर किया था। परिवादी विजय मिश्र का आरोप है कि 15 जुलाई 2018 को कर्नाटक की राजधानी बंगलुरू में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। कोर्ट ने 27 नवंबर 2023 को राहुल गांधी को तलब करने का आदेश दिया था।
विज्ञापन


राहुल गांधी की हाजिरी माफ करने की दी अर्जी
राहुल गांधी की स्थायी रूप से हाजिरी माफ करने के लिए कोर्ट में अर्जी दी गई है। अर्जी में कहा गया है कि राहुल गांधी केरल के वायनाड से सांसद हैं और वे प्रत्येक पेशी पर कोर्ट नहीं आ सकते हैं, इसलिए उनकी हाजिरी स्थायी रूप से माफ की जाए। इस अर्जी का परिवादी के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने विरोध किया है। कोर्ट ने अर्जी पर सुनवाई करने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया है।

कांग्रेस नेताओं का लगा रहा जमावड़ा
राहुल गांधी की पेशी को लेकर मंगलवार को कोर्ट में कांग्रेसियों का जमावड़ा लगा रहा। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, रामपुर खास विधायक अराधना मोना मिश्र, फरेंद्रा विधायक वीरेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, युकां राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, राष्ट्रीय सचिव वीपी सिंह, जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा, शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, विवेकानंद पाठक, योगेंद्र मिश्र, अर्जुन पासी, मनीष मिश्र, पूर्व मंत्री मुईद अहमद आदि बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।

अमहट में रुका काफिला, झलक पाने के लिए कांग्रेसियों में लगी होड़
फोटो- 22, 23
दूबेपुर। राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए सुबह नौ बजे से ही कांग्रेसी अमहट चौराहे पर जुटने लगे थे। सुबह 10.43 बजे राहुल गांधी का काफिला अमहट हवाई पट्टी मोड़ पर पहुंचा। कांग्रेसियों की भीड़ देख उन्होंने गाड़ी रोकवा दी और शीशा नीचे कर अभिवादन स्वीकार करने लगे। इसके बाद राहुल की एक झलक पाने और उनको अपना परिचय बताने की पार्टी पदाधिकारियों में होड़ सी मच गई। करीब एक मिनट तक रुकने के बाद राहुल का काफिला जिला मुख्यालय की ओर रवाना हो गया। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय नेताओं के साथ ही शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, डीसी पांडेय, हरीश त्रिपाठी, फिरोज अहमद, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामशब्द मिश्र समेत कई नेता मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें