सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के प्रश्नपत्र सोमवार को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे। जीआईसी में बने स्ट्रांग रूम से जिले के 122 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी पुलिस सुरक्षा में भेजा जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर बने स्ट्रांग रूम में प्रश्नपत्रों को डबल लॉक की आलमारी में रखा जाएगा।
डीआईओएस ने परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम बनाने के लिए सभी केंद्रों के व्यवस्थापकाें को पत्र भेजकर निर्देश दिया था। स्ट्रांग रूम में डबल लॉक की आलमारी की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। स्ट्रांग रूम के बाहर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी।
वाह्य केंद्र व्यवस्थापक एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में केंद्र व्यवस्थापक प्रश्नपत्रों को स्ट्रांग रूम में रखवाएंगे। स्ट्रांग रूम में रखी आलमारी के एक लॉक की चाबी केंद्र व्यवस्थापक, दूसरे लॉक की चाभी वाह्य केंद्र व्यवस्थापक व स्ट्रांग रूम के गेट की चाबी स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास रहेगी। इन तीनों लोगों के समक्ष ही प्रश्नपत्र रखे व निकाले जाएंगे।
प्रधानाचार्य, शिक्षक व कर्मचारी रहेंगे मौजूद
शहर के जीआईसी में बने स्ट्रांग रूम में सोमवार सुबह प्रधानाचार्य, शिक्षक व कर्मचारी समेत 33 लोगों की ड्यूटी लगाई गई है। डीआईओएस रविशंकर ने बताया कि सुबह सात बजे से पहले सभी कर्मचारी जीआईसी में मौजूद रहेंगे। अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।