सुल्तानपुर। कादीपुर में सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट खोले जाने के विरोध में शुक्रवार को जिले के अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरते हुए सुबह 10 बजे से 12 बजे तक दीवानी न्यायालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।
इससे दोपहर बाद तक दीवानी कोर्ट का काम काज बाधित रहने से जरूरतमंदों को खासी परेशानी उठाना पड़ी। इस दौरान वकीलों ने बार एसोसिएशन के बैनर तले एकत्रित होकर दीवानी न्यायालय से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकालने के बाद अपनी छह सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन भी एडीएम प्रशासन के माध्यम से सीएम योगी को प्रेषित किया।
कादीपुर में सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट खोले जाने का विरोध में शुक्रवार को सुबह 10 बजे से वकील दीवानी न्यायालय के दक्षिणी व पूर्वी गेट पर जुटने लगे। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने दीवानी न्यायालय के दोनों प्रवेश गेट को बंद कर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी के साथ विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान किसी को भी कोर्ट परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस मामले को लेकर बार एसोसिएशन की ओर से पहले ही कार्य बहिष्कार का प्रस्ताव पारित किए जाने के कारण अदालतों में मुकदमों की सुनवाई भी ठप रही।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष गिरिजा प्रसाद शुक्ल की अगुवाई में दोपहर 12 बजे करीब अधिवक्ताओं का एक जुलूस दीवानी कोर्ट से कलेक्ट्रेट के लिए निकला। कलेक्ट्रेट पहुंचकर वकीलों ने अपनी छह सूत्रीय मांगों का मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी मौजूद एडीएम प्रशासन बी. प्रसाद को सौंपा। बार एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने बाद में जिला जज जय प्रकाश पांडेय से भी इस प्रकरण क लेकर मुलाकात की। जिला जज ने वकीलाें की न्यायोचित मांगों का हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया है।
जारी अधिसूचना को रद करने की मांग
ज्ञापन में वकीलों ने कादीपुर में सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट खोले जाने के लिए जारी अधिसूचना को रद्द करने की मांग की है। बताया कि कादीपुर में कोर्ट खुलने से वादकारियों व वकीलों को परेशानी होगी। वहां पर सुरक्षा व्यवस्था का अभाव है। न्यायिक अधिकारी के लिए भी समुचित सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही सुरक्षित आवास तक की सुविधा नहीं है।
कलेक्ट्रेट में वकीलों का प्रदर्शन आज
दीवानी न्यायालय स्थित अधिवक्ता संघ भवन में हुई बार एसोसिएशसन की बैठकमें वकीलों ने मामले को लेकर आंदोलन को और तेज करने की मांग की। बार एसोसिएशन अध्यक्ष गिरिजा प्रसाद शुक्ल ने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में अधिवक्ता शनिवार को कलेक्ट्रेट में एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन करेंगे। साथ ही प्रकरण को लेकर हाईकोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति से भी मुलाकात की जाएगी।
हाईकोर्ट ने जिला जज से मांगी सूची
कादीपुर में कोर्ट खोले जाने को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच हाईकोर्ट ने शुक्रवार को जिला जज जय प्रकाश पांडेय से सिविल जज सीनियर डिवीजन कैडर के न्यायिक अधिकारी की लिस्ट मांगी है। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जिला जज को आए पत्र में कहा गया है कि वे दीवानी न्यायालय में कार्यरत सिविल जज के नाम की संस्तुति करके भेजें।
कादीपुर में वकीलों का कोर्ट खोले जाने के समर्थन में प्रदर्शन
कादीपुर तहसील में सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट खोले जाने को लेकर सुल्तानपुर के अधिवक्ताओं के लगातार विरोध को देखते हुए बार एसोसिएशन कादीपुर ने इसके समर्थन में शुक्रवार को मोर्चा खोल दिया। बार अध्यक्ष केके तिवारी की अगुआई में अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर से लेकर सिविल जज जूनियर डिवीजन के गेट तक नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और न्यायिक कार्य से विरत रहे। वकीलों ने मुख्य न्यायाधीश और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम महेंद्र कुमार श्रीवास्तव को दिया।