हाइवे पर शव रखकर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। सिसौडा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव फंदे से लटका पाए जाने के मामले ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। परिजन युवक हत्या की आशंका जताते हुए एफआईआर की मांग पर अड़ गए। उन्होंने ग्रामीणों के साथ शव बांदा-टांडा हाइवे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे हाइवे पर तीन घंटे वाहनों का आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जिसके बाद लोग शांत हुए।
जयसिंहपुर क्षेत्र के सिसौडा गांव निवासी लाल बहादुर यादव के पुत्र अमरनाथ यादव (20) का शव रविवार की सुबह गांव के बाहर पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला था। परिजनों ने अमरनाथ की हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। परिजन और ग्रामीण पुलिस की कार्यशैली से काफी नाराज थे। सोमवार की सुबह परिजन और ग्रामीण तहरीर दिए जाने के बाद भी केस दर्ज नहीं होने पर भड़क गए। युवक का शव लेकर ग्रामीण सेमरी बाजार के निकट बांदा-टांडा हाईवे पर पहुंच गए और आवागमन रोककर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन और ग्रामीणों की नाराजगी देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया तब जाकर परिजन शांत हुए और युवक के शव का अंतिम संस्कार किया। जाम-प्रदर्शन के चलते करीब तीन घंटे तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा।