फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: मुख्तार के करीबी गैंगस्टर जलीस की 7.40 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Tue, 19 Dec 2023 11:43 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी गैंगस्टर जलीस की 7.40 करोड़ की संपत्ति को पुलिस-प्रशासन की टीम की मौजूदगी में मंगलवार को कुर्क किया गया। अचल संपत्ति के अंतर्गत घरहां में अर्द्धनिर्मित मकान व आठ गांव में भूमि शामिल है। इसके अलावा चल संपत्ति में एक स्कूटी व एक बाइक को कुर्क किया गया है।
विज्ञापन

कोतवाली देहात थाने के वजूपुर पखरौली गांव निवासी फिराेज अहमद उर्फ जलीस पर हत्या का प्रयास, बलवा जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्वांचल के माफिया मुख्तार अंसारी का भी करीबी बताया जाता है। उसका हाल पता पल्टन बाजार थाना कोतवाली नगर है। पुलिस-प्रशासन की टीम का दावा है कि जलीस का अवैध तरीके से घरहां खुर्द में अर्द्धनिर्मित मकान व निजामपट्टी, भोएं, कमनगढ़, नकराही, कस्बा सुलतानपुर, लोलेपुर, इटकौली, सैफुल्लागंज गांव में भूमि है। इसकी कीमत 7.40 करोड़ रुपये व चल संपत्ति में एक बाइक व एक स्कूटी इसकी कीमत लगभग 90 हजार रूपये आंकी गई है। इस तरह से कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 7,40,90,000 रुपये आंकी गई है। इस संपत्ति को 14(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत मंगलवार को कुर्क किया गया।
कुर्की की कार्रवाई में शामिल उप जिलाधिकारी सदर चंद्र प्रकाश पाठक ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर अवैध तरीके से बनाई गई संपत्तियों को कुर्क किया गया। एसडीएम के अलावा कुर्की की कार्रवाई में सीओ नगर, कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय शामिल रहे।
विज्ञापन

कोतवाली नगर रहा जलीस का आपराधिक क्षेत्र

सुल्तानपुर। फिरोज अहमद उर्फ जलीस का आपराधिक क्षेत्र कोतवाली नगर रहा है। उसके खिलाफ 10 आपराधिक केस हैं। हारमोनियम छाप बीड़ी के मालिक मो. अलीम उर्फ हाजी मुन्ने की 18 जनवरी 2015 को बीड़ी कारखाना के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड से जलीस का नाम सुर्खियों में आया था। उस पर दर्ज 10 आपराधिक केस में सर्वाधिक नौ केस कोतवाली नगर व एक केस कोतवाली देहात थाने में दर्ज है।
गैंंग के एक सदस्य की हो चुकी है मौत
पुलिस के मुताबिक आरोपी फिरोज अहमद उर्फ जलीस गैंग लीडर है। इस गैंग के अन्य सदस्य रीशू सिंह उर्फ देवांश सिंह निवासी बसखारी थाना कादीपुर की मौत हो चुकी है। वह उसके गिरोह का सदस्य था। उसके अलावा जलीस की गैंग में सौरभ सिंह उर्फ छोटू सिंह निवासी उमरी थाना अखंडनगर, राहुल धुरिया निवासी जलालपुर थाना कादीपुर, रूकसार निवासी वजूपुर थाना कोतवाली देहात, इसरार निवासी वजूपुर थाना कोतवाली देहात, दिलशाद निवासी वजूपुर थाना कोतवाली देहात, सिराज निवासी प्यारेपट्टी थाना कोतवाली देहात, विजय कुमार निवासी भुलकी थाना कोतवाली देहात शामिल हैं।

इसी गैंग से निकला है सिराज
अधिवक्ता हत्याकांड से चर्चा में आया एक लाख रुपये का फरार इनामी बदमाश सिराज अहमद भी जलीस गैंग का ही सदस्य रहा है। अधिवक्ता हत्याकांड के बाद से ही वह फरार है। अब पुलिस उसके खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की तैयारी में लगी हुई है। सिराज का अलग गैंग बन गया है। जो जल्द ही पुलिस की डायरी में अलग से दर्ज हो सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें