उपकेंद्र में मरम्मत करते कर्मी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। भदैंया उपकेंद्र की हाईटेंशन लाइन का केबल बॉक्स शनिवार को देर शाम फुंकने से करीब 40 गांवों की बिजली आपूर्ति 20 घंटे तक ठप रही। क्षेत्र की करीब 80 हजार आबादी बिजली समस्या से प्रभावित रही। दोपहर बाद फॉल्ट दुरुस्त होने पर लोगों को राहत मिली।
पयागीपुर स्थित पारेषण उपकेंद्र से भदैंया विद्युत उपकेंद्र को जाने वाली हाईटेंशन लाइन का केबल बॉक्स रास्ते में पीतांबरपुर के पास शनिवार की देर शाम अचानक फुंक गया। उपकेंद्र बंद होने से वितरण खंड में खलबली मच गई। इंजीनियरों के निर्देश पर बिजली कर्मियों ने रात से ही फॉल्ट की खोजबीन शुरू कर दी लेकिन खराबी का पता नहीं चला सका। सुबह फिर से खराबी की तलाश शुरू होने पर मेन हाईटेंशन लाइन में पीतांबरपुर के पास केबल बॉक्स फुंका पाया गया। इसके बाद बिजली कर्मियों ने मरम्मत कार्य शुरू कराया। रविवार को दोपहर करीब दो बजे फॉल्ट दुुरुस्त करके भदैंया उपकेंद्र की लाइन को बहाल किया गया।
इस बीच शनिवार शाम से रविवार दोपहर तक भदैंया उपकेंद्र से जुड़े 40 गांवों की बिजली आपूर्ति करीब 20 घंटे ठप रही। इन गांवों की करीब 80 हजार आबादी को रविवार को दोपहर तक बिजली नहीं मिली जिससे उनके सभी जरूरी कार्य प्रभावित रहे। ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करने में भी काफी दिक्कत हुई। दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों को राहत मिल सकी। इस संबंध में एसडीओ भदैंया कुमार विकल्प ने बताया कि पीतांबरपुर के पास केबल बॉक्स जल गया था। रात में फॉल्ट नहीं मिल सका। फॉल्ट दूर कराकर दोपहर बाद बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है।