बरौंसा (सुलतानपुर)। ऑनलाइन खरीदारी करना युवक को महंगा पड़ गया। मोबाइल की जगह पार्सल में चूरन का डिब्बा निकला। फेसबुक पर झांसे में आकर युवक ने मोबाइल बुक कराया था। फिलहाल पीड़ित ने अभी तक मामले में शिकायत नहीं दर्ज कराई है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के खोजापुर गांव निवासी रमेश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में सस्ते दामों पर मोबाइल फोन बेचने का दावा किया गया था। सस्ते दाम पर मोबाइल मिलने के चक्कर में वह साइबर ठगों के जाल में फंस गया।
पीड़ित ने बताया कि एक युवती ने उसके व्हाट्सएप नंबर पर मोबाइल के कई मॉडल भेजे। इस पर उसने 4,500 रुपये में एक मॉडल का सौदा तय कर लिया। सोमवार को वह पार्सल लेने जयसिंहपुर डाकखाना पहुंचा। उसका आरोप है कि 4,500 का भुगतान करने के बाद जब उसने पार्सल खोला तो उसके होश उड़ गए। मोबाइल की जगह डिब्बे में चूरन के दो डिब्बे मिले।
पार्सल में मोबाइल की जगह चूरन के डिब्बे मिलने की खबर मिलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। पीड़ित की तरफ से देर शाम तक स्थानीय थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई। कोतवाल प्रेमचंद सिंह ने बताया प्रकरण उनके संज्ञान में नही है।