कोइरीपुर नगर पंचायत का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। निकाय चुनाव के लिए नगर पंचायत कोइरीपुर में बनाए गए बूथों की व्यवस्था को निर्वाचन के पहले डीएम व एसपी ने परखा। शनिवार को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों पर वोटरों की जानकारी लेते हुए गड़बड़ी करने वालों को पाबंद करने का निर्देश दिया गया है। चुनाव के पहले सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
डीएम रवीश गुप्ता व एसपी सोमेन बर्मा ने बूथों का जायजा लेने के बाद रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया। रैन बसेरा में उपलब्ध बेड, रजाई-गद्दा, पानी समेत अन्य व्यवस्था की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि ठंड को देखते हुए कोई भी व्यक्ति रैन बसेरे में रात्रि निवास कर सकता है। ईओ अमित सिंह ने व्यवस्था की जानकारी दी। इसके पहले शिवगढ़ थाने पर डीएम व एसपी ने जनसमस्याओं की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान राजस्व से संबंधित कई विवाद सामने आए। डीएम ने मौका मुआयना करके पुलिस व राजस्व टीम को संयुक्त रूप से समस्याओं का निस्तारण कराने का निर्देश दिया। सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने का भी निर्देश दिया।