सुल्तानपुर। थाना क्षेत्र गोसाईगंज की द्वारिकागंज पुलिस चौकी को सांसद की ओर से सुपुर्द की गईं 73 बकरियों को पुलिस ने छोड़ दिया। इधर, सांसद के हस्तक्षेप के बाद सपा विधायक के चचेरे भाई के पशु बाजार पर मारे गए छापे के मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष का भी बयान सामने आ गया है।
सांसद की ओर से पांचोंपीरन स्थित पशु बाजार की नीलामी को लेकर जिला पंचायत पर सवाल खड़े किए जाने से मामला गरमा गया है। मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह का वीडियो बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मैं किसी के दबाव में काम करने वाली नहीं हूं। पशु बाजार मामले में कोतवाली पुलिस व एसडीएम का अनापत्ति प्रमाण पत्र न मिलने से पशु बाजार के नवीनीकरण की पत्रावली दो माह से रुकी है।
जिला पंचायत की ओर से नियमों के तहत ही नवीनीकरण होगा। सांसद के हस्तक्षेप पर शनिवार को इसौली सपा विधायक के चचेरे भाई की ओर से संचालित पशु बाजार पर छापे के बाद कब्जे में ली गईं 73 भेंड़-बकरियों को कोतवाली नगर पुलिस ने आमलोगों की सुपुर्दगी में दे दिया।
कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध पशु बाजार संचालक मोहम्मद जाकिर, आजाद, शमशाद व नसीम अहमद के खिलाफ पशुक्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है जबकि इसी से जुड़े मामले को गोसाईगंज पुलिस ने हल्के में निपटा दिया।
सांसद की ओर से शनिवार को एक पिकअप से उतरवाकर द्वारिकागंज पुलिस को सौंपी गईं 73 बकरियों को स्थानीय पुलिस ने बिना किसी को सुपुर्द किए ही छोड़ दिया। हालांकि पुलिस ने पिकअप को सीज कर दिया है। मामले में गोसाईगंज थानाध्यक्ष आरपी रावत ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस की व्यस्तता की वजह से बकरियों को छोड़ दिया गया है।