सुल्तानपुर। आगामी 14 व 15 मार्च को होने वाली पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में प्रत्येक केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी व अधिकारी तैनात रहेंगे। ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों के साथ मंगलवार को डीएम कुमार हर्ष, एसपी चारू निगम ने मंगलवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। सेक्टर, स्टेटिक एवं जोनल मजिस्ट्रेटों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों व कर्मचारियों को नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए। प्रश्नपत्रों को कोषागार से दोनों पालियों में ले जाने व उत्तरपुस्तिकाओं को जमा कराने के बारे में बताया गया। डीएम कुमार हर्ष व एसपी चारू निगम ने अराजकतत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अभ्यर्थियों के कक्ष में प्रवेश के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव शुक्ल, एएसपी अखंड प्रताप सहित अन्य मौजूद रहे।