दौलतपुर गांव में कब्जा हटाती जेसीबी।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। बल्दीराय क्षेत्र में एक गैंगस्टर की संपत्ति पर सोमवार को प्रशासन ने जेसीबी चला दिया। सरकारी भूमि पर बनाए गए मकान को गिराकर अन्य संपत्ति को कुर्क कर दिया। प्रशासन ने अपराधी की एक करोड़ 30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है।
यह कार्रवाई एसडीएम वंदना पांडेय व सीओ बल्दीराय राजाराम चौधरी की मौजूदगी में पुलिस टीम ने सोमवार को क्षेत्र के दौलतपुर मजरे हेमनापुर में की। इस गांव के रहने वाले शातिर अपराधी जग नारायन उर्फ जग्गा के सरकारी भूमि पर बनाए गए मकान को जेसीबी से ढहा दिया। इसके साथ ही चल-अचल संपत्ति को कुर्क कर दिया। सीओ राजाराम चौधरी ने बताया कि जग नारायन उर्फ जग्गा ने अपराध से एक करोड़ 30 लाख रुपये की अवैध संपत्ति बनाई है। इसके खिलाफ लूट, हत्या, छिनैती समेत दो दर्जन केस दर्ज हैं। इसके खिलाफ भू-माफिया की कार्रवाई चल रही है।