भदैंया (सुल्तानपुर)। स्थानीय विकास खंड की कुछ ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन का कार्य बेहद सुस्त गति से चल रहा है। आरोप है कि पेटी कांट्रैक्टर कार्य में अनियमितता कर रहे हैं। एक भी जगह काम पूरा नहीं हुआ है। जबकि साढ़े पांच करोड़ की सामग्री भी डंप कर लिए हैं। गांवों में पाइपलाइन बिछाने के बाद टोंटियां लगाने का काम भी पूरा नहीं किया है।
भदैंया विकास खंड के कई गांवों में लगभग दो वर्ष से जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक व वाटर सप्लाई लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। केटू इंफ्राजेन कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर आशीष तिवारी का आरोप है कि भदैंया में पेटी कांट्रैक्टरों की ओर से लगभग साढ़े पांच करोड़ रुपये की सामग्री व कार्य कराने का हिसाब ही नहीं दिया गया।
इसकी शिकायत डीएम, एसपी समेत अन्य जल निगम के अधिकारियों से की गई। भदैंया ब्लॉक की अलग-अलग साइड पर काम करने वाले पांच पेटी कांट्रैक्टरों के कार्य में अनियमितता मिली गई है। आईजीआरएस पर शिकायतें भी दर्ज कराई गई हैं।
काम भी पूरा नहीं हो सका है। गांव में गड्ढे खोदकर पाइपें तो डाल दी गई हैं, लेकिन उनकी ज्वाइंडिंग अभी बची है। कई स्थानों पर टोंटिया ही नहीं लगाई गई हैं। कुछ स्थानों पर तो पाइपें ही नहीं बिछी हैं। इसकी शिकायत जल निगम के अधिकारियों से की गई है।
जल जीवन मिशन के कार्यों का होगा स्थलीय सत्यापन
पेटी कांट्रैक्टरों का विवाद कंपनी के अधिकारियों से हुआ था। उसका निस्तारण हो चुका है। रही बात जल जीवन मिशन के कार्यों की तो भदैंया विकास खंड में जल्द ही स्थलीय सत्यापन कराया जाएगा। कहीं खामी मिली तो उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए कार्रवाई की जाएगी।
-वकार हुसैन, अधिशासी अभियंता, जल निगम, ग्रामीण।