सुल्तानपुर। बिजली कटौती से त्रस्त लोग बृहस्पतिवार की रात कृष्णनगर तिराहे पर प्रदर्शन पर उतर पड़े। सड़क जाम करने की सूचना लगते ही पावर कार्पोरेशन सक्रिय हो गया। आननफानन ट्रांसफार्मर भेजकर मामले को शांत कराया। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली कटौती से लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है। साथ ही सरकार के दावे की हवा भी निकल गई है।
बिजली कटौती से जिले में हाहाकार मच गया है। दो दिनों से पंचरास्ता, दरियापुर, कृष्णानगर में ट्रांसफार्मर फुंकने से बाधित बिजली आपूर्ति से लोगों का धैर्य जवाब दे गया। बृहस्पतिवार की रात कटौती से परेशान शहर के लोग कृष्णानगर तिराहे पर सड़क पर उतर पड़े और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम करने की सूचना लगते ही पावर कार्पोरेशन ने ट्रांसफार्मर भेजकर मामला शांत कराया।
इसके साथ ही चौक, गंदानाला व नवीपुर में भी करीब 20 हजार लोग बिजली कटौती से परेशान रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या बनी हुई है। कुड़वार क्षेत्र में दिन भर लोगों को बिजली नहीं मिल सकी। दियरा उपकेंद्र के फीडरों से रातोंदिन कटौती जारी रही। इसके अलावा बल्दीराय, धनपतगंज, भटमई, धम्मौर, शिवगढ़, चांदा, करौंदीकलां में शुक्रवार को दिन भर बिजली की समस्या बनी रही।
ग्रामीणों के मुताबिक 24 घंटे में कई बार में पांच से छह घंटे ही बिजली मिल पा रही है। ट्रिपिंग से सभी काम बाधित हो गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित आटा व तेल मिल समेत अन्य मशीनें नहीं चल पा रही हैं। बिजली से संचालित नलकूपों से सिंचाई बंद हो गई है। इस वजह से किसानों को महंगे दामों पर सिंचाई करनी पड़ रही है।
कटौती से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का भी धैर्य टूटने लगा है। सरकार की ओर से शहरी क्षेत्र में 24, तहसील में 20 व ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे की आपूर्ति के दावे की हवा निकल गई है। विद्युत वितरण की ओर से गर्मी में आपूर्ति के किए गए इंतजाम धराशायी हो गए हैं।