सुल्तानपुर। ग्राम पंचायतों में धान की पराली जलाने वालों के खिलाफ ग्राम प्रधान प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। इसके लिए पराली जलाते हुए फोटो आवश्यक है। पर्यावरण प्रदूषण रोकने के लिए ये जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों को डीएम ने सौंपी है।
शासन के आदेश पर जिला मजिस्ट्रेट रवीश गुप्ता ने ग्राम प्रधानों को पराली नहीं जलाने के प्रति लोगों को जागरूक करने का भी निर्देश दिया है। इसके बाद भी कोई पराली जलाता है तो उसके खिलाफ संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कहा है। विरोधियों पर रंजिशन प्राथमिकी दर्ज कराने की घटना को रोकने के मद्देनजर डीएम ने प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए फोटो को आवश्यक बताया है। कहा कि बिना फोटो के प्राथमिकी नहीं दर्ज कराई जाएगी। इसकी सूचना फोटो के साथ देनी होगी। जिला पंचायतराज अधिकारी आरके भारती ने बताया कि सभी ग्राम प्रधानों को इसके अनुपालन का निर्देश दिया गया है।