सुल्तानपुर। आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में बृहस्पतिवार को एमपी-एमएलए की विशेष अदालत के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने पूर्व मंत्री ओपी सिंह समेत छह आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान 12 जनवरी 2022 को पुलिस ने पूर्व मंत्री ओपी सिंह व उनके कई समर्थकों के खिलाफ मोतिगरपुर थाने में आचार संहिता का उल्लंघन करने का केस दर्ज किया था। आराेप है कि पूर्व मंत्री ने बिना अनुमति सभा करके आचार संहिता का उल्लंघन किया था।
कोर्ट ने पूर्व मंत्री व अन्य आरोपियों को निर्णय के पहले जमानतनामा दाखिल करने का आदेश दिया था लेकिन आदेश का पालन नहीं किया गया। बृहस्पतिवार को कोर्ट ने पूर्व मंत्री व उनके पांच समर्थकों की हाजिरी माफी की अर्जी खारिज कर गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया है। मामले में अगली सुनवाई 12 अगस्त को होगी।