कादीपुर (सुल्तानपुर)। कस्बे के अनिरुद्धनगर मोहल्ले में बृहस्पतिवार की शाम रंंजिश को लेकर विपक्षियों ने एक युवक काे लहूलुहान कर दिया। घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर में भर्ती कराया गया। उसकी तहरीर पर कादीपुर कोतवाली में 10 लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
कोतवाली कादीपुर के कादीपुर खुर्द निवासी अवधेश शुक्ल (40) का एक मकान नेशनल इंटर कालेज गेट के सामने दोस्तपुर रोड पर अनिरुद्धनगर में है। बृहस्पतिवार शाम सात बजे अवधेश अपने मकान पर पहुंचा। उसका आरोप है कि उस समय जवाहर नगर मोहल्ले के रामकेवल, ईश्वर, रामअनुज व कन्हैया समेत करीब 10 अज्ञात लोग उनके मकान के शटर को पीट रहे थे। जब उन्होंने विरोध किया तो विपक्षियों ने उन पर हमला कर दिया।
लोहे की राॅड समेत अन्य हथियारों से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। मारपीट के बाद वे बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें कादीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना की जानकारी पर कादीपुर कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों से जानकारी ली। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कादीपुर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अवधेश की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।