कादीपुर (सुल्तानपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सूरापुर बाजार में मंगलवार शाम बाइक की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर कादीपुर कोतवाली में बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के गौरा टिकरी गांव निवासी कृपा शंकर वर्मा (60) मंगलवार की शाम सूरापुर बाजार गए थे। वहां से वह साइकिल से गांव जाने के लिए निकले। सूरापुर कस्बे में ही उनको तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में कृपाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की जानकारी होने पर उनका पुत्र सुनील व उसके साथी भिवेंद्र प्रजापति घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन कृपाशंकर को लेकर वे अस्पताल जाने लगे। रास्ते में कृपाशंकर की मृत्यु हो गई। सुनील वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक सचिन सोनी निवासी खालिसपुर मुबारकपुर कोतवाली कादीपुर के खिलाफ केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है।