सुल्तानपुर। किराया नहीं मिलने पर भवन स्वामी ने शुक्रवार को सहारा इंडिया की स्थानीय शाखा कार्यालय में ताला जड़ दिया। इससे कंपनी के अभिकर्ता, कर्मचारी व ग्राहक वापस लौट गए। शाखा प्रबंधक ने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है।
लंभुआ नगर पंचायत के दुर्गापुर तिराहे के पास शिव शंकर उपाध्याय व राजपाल मिश्र का मकान है। इसमें कई सरकारी-गैर सरकारी प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। प्रथम तल पर सहारा इंडिया का कार्यालय है। इसमें रोज बैंकिंग कार्य होते हैं। इस दफ्तर में शाखा प्रबंधक के अलावा कैशियर, क्लर्क समेत अन्य स्टाफ भी है। शुक्रवार सुबह जब अधिकारी-कर्मचारी, अभिकर्ता व ग्राहक कार्यालय पहुंचे तो वहां उन्हें ताला लटका मिला। इससे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। भवन स्वामी राजपाल मिश्र व शिव शंकर उपाध्याय ने बताया कि आठ माह से उन्हें किराया नहीं मिला है। इस वजह से भवन पर ताला लगा दिया गया है। सहारा इंडिया परिवार के स्थानीय शाखा के प्रबंधक वैभव कृष्ण ने बताया कि प्रकरण की जानकारी रीजनल वर्कर व सेक्टर कार्यालय को दी गई है।