कोतवाली नगर में चार के खिलाफ केस दर्जसंवाद न्यूज एजेंसी
सुल्तानपुर। शहर के कुड़वार नाका के एक व्यापारी ने अमहट में फार्मेसी काॅलेज की स्थापना के लिए भूमि खरीदी है। इस भूमि पर कुछ लोगों ने जबरन धान रोप दिया। व्यापारी का आरोप है कि विपक्षी उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। कोतवाली नगर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धमकी देने व रंगदारी मांगने का केस दर्ज कर लिया है। शहर के कुड़वार नाका निवासी राजेंद्र कुमार अग्रवाल की भूमि अमहट क्षेत्र में है। उसमें उन्होंने हास्पिटल एवं फार्मेसी कालेज की स्थापना के लिए ग्लोबल इन्वेस्टर समीत एमओयू साइन किया है। उनकी भूमि की कच्ची हक बरारी चार माह पूर्व हो चुकी है। पक्की पैमाइश के लिए 21 जुलाई को उपजिलाधिकारी सदर के न्यायालय में तारीख नियत है। उनका आरोप है कि उनकी भूमि पर सैय्यद अब्बास, रईस अब्बास, आजम अब्बास, जफरयाब अब्बास ने रविवार को धान की रोपाई कर दी। यह पता चलने पर वह मौके पर गए तो विपक्षियों ने उनसे 10 लाख रुपये की मांग की और जान से मारने की धमकी दी। नगर कोतवाल राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।