सुल्तानपुर। नगर निकाय चुनाव की मतगणना में लगाए जाने वाले टेबल को सुरक्षित रखा जाएगा। प्रेक्षक ने रविवार को मतगणना स्थल व पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल का जायजा लेते हुए यह निर्देश दिया।
शनिवार देर शाम पहुंचे आयोग से नामित प्रेक्षक राजाराम ने पहले अमहट में बनाए जा रहे मतगणना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने टेबल लगाने की व्यवस्था के बारे में जानकारी लेते हुए सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इसके बाद पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में बनाए गए पोलिंग पार्टियों के रवानगी स्थल का जायजा लिया। पुलिस लाइंस में आरओ, एआरओ व पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक करके चुनावी तैयारियों को परखा।
उन्होंने पांचों निकायों के बूथों के बारे में जानकारी लेते हुए संवेदनशील, अतिसंवेदनशीन व अति संवेदनशील एचएस पर की गई सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिंसिंग, उड़नदस्ता समेत अन्य टीम की जानकारी ली।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर ने निर्वाचन के संबंध में की गई तैयारियों के बारे में जानकारी दी। बताया कि पोलिंग पार्टियों का प्रशिक्षण पूरा करा लिया गया है। पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने पुलिस कर्मियों की तैनाती से अवगत कराया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक, पांचों एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में ठहरे प्रेक्षक
आयोग से नियुक्त प्रेक्षक राजाराम लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में ठहरे हैं। जिला आबकारी अधिकारी हितेंद्र शेखर को उनका लाइजन अफसर व असिस्टेंट कमिश्नर रामशंकर को सहायक लाइजन अफसर बनाया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव से संबंधित सुझाव व शिकायत प्रेक्षक से सीधे या फिर उनके मोबाइल नंबर पर कर सकते हैं। प्रेक्षक का मोबाइल नंबर -9897387554 है।