सुल्तानपुर। नई दिल्ली से आई तीन सदस्यीय एनआरएचएम टीम मंगलवार को दोपहर मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां टीम ने पोषण पुनर्वास केंद्र व महिला अस्पताल की ओपीडी, एसएनसीयू व लेबर रूम का निरीक्षण किया। मेडिकल कॉलेज में तीन घंटे तक निरीक्षण करने के बाद देर शाम टीम वाराणसी के लिए रवाना हो गई।
मेडिकल कॉलेज आने से पहले एनआरएचएम टीम ने बल्दीराय तहसील क्षेत्र के पीएससी व सीएसची का निरीक्षण किया। यहां महिलाओं के टीकाकरण व बच्चों के स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं देखीं। दोपहर करीब डेढ़ बजे एनआरएचएम टीम मेडिकल कॉलेज के महिला अस्पताल पहुंची। यहां पर ओपीडी का निरीक्षण किया। मीडिया के सवालों पर एनआरएचएम टीम ने कोई भी जवाब नहीं दिया। इसके बाद टीम मेडिकल कॉलेज से बाहर चली गई। दोपहर तीन बजे टीम दोबारा मेडिकल कॉलेज स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) पहुंची। यहां मौजूद स्टॉफ से बच्चों के लक्ष्य व डाइट के बारे में जानकारी ली। टीम ने किचन व वार्ड जाकर व्यवस्थाएं देखीं।
उधर, एनआरएचएम टीम के निरीक्षण से पहले सुबह 10 बजे महिला अस्पताल में तैयारियों का जायजा लेने सीएमओ डॉ़ ओपी चौधरी, एसीएमओ डॉ़ लालजी, सीएमएस डॉ़ आरके यादव व डीपीएम एनएचएम संतोष कुमार ओपीडी पहुंचे। सभी कक्षों में जाकर निरीक्षण किया। वहीं, एनआरएचएम टीम के निरीक्षण के पहले ही विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इस दौरान ओपीडी में अंधेरा छाया रहा। महिला अस्पताल में दो जनरेटर होने के बाद भी उन्हें नहीं चलाया गया। इस दौरान मरीज व तीमारदार अंधेरे में बैठे रहे।
डीपीएम एनआरएचएम संतोष कुमार ने बताया कि एनआरएचएम की टीम महिला अस्पताल आई थी। बच्चों व महिलाओं के स्वास्थ्य संबंध में जानकारी दी गई।