रामवन गमन मार्ग पर चल रहे कार्य का जायजा लेतीं डीएम व अन्य। -संवाद
सुल्तानपुर। शहर में अब सड़क के किनारे फुटपाथ पर चाय व फल समेत अन्य दुकानें नहीं लगने पाएंगी। ऑटोरिक्शा समेत अन्य वाहनों की पार्किंग दोबारा मिलने पर उनका चालान किया जाएगा। शुक्रवार को निरीक्षण में अधिकारियों के साथ निकलीं डीएम ने मातहतों को इसका निर्देश दिया।
अयोध्या में 22 जनवरी के कार्यक्रम को देखते हुए डीएम कृतिका ज्योत्सना ने अधिकारियों के साथ राम वनगमन मार्ग का जायजा लिया। शहर से लेकर अमेठी बार्डर तक मार्ग पर चल रहे साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने, रंगाई-पुताई व लाइट लगाने समेत अन्य कार्यों का निरीक्षण किया।
शाहगंज चौराहे पर फुटपाथ पर एक दुकान पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने 15 जनवरी तक हरहाल में गोपालदास पुल का संचालन व 14 जनवरी तक साफ-सफाई समेत अन्य कार्य पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
एसपी सोमेन बर्मा ने रोड पर वाहनों की अवैध पार्किग पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। निरीक्षण में सीडीओ अंकुर कौशिक, एडीएमई पंकज सिंह समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।