दुबेपुर (सुल्तानपुर)। अब उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा, क्योंकि बकाया राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए पावर काॅर्पोरेशन नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। इसके तहत मोबाइल कैशवैन सुदूरवर्ती इलाकों के गांवों में घर-घर जाकर बिजली का बिल जमा करेगी। द्वितीय वितरण खंड क्षेत्र में इसी हफ्ते से यह सुविधा उपभोक्ताओं को मिलने की उम्मीद है।
बिजली विभाग ने सरल ई-कॉमर्स कंपनी को इस व्यवस्था के लिए अनुबंधित किया है। अधीक्षण अभियंता अखिलेश सिंह ने बताया कि जिले के 22 सब स्टेशनों पर कंपनी की ओर से बिल जमा काउंटर खोले जाएंगे। साथ ही रिमोट एरिया व समाधान शिविरों में कैशवैन के जरिये बिल जमा किए जाएंगे। शुरुआत में प्रयोग के तौर पर द्वितीय वितरण खंड क्षेत्र में तीन कैश वैन तैनात करने की योजना है। सफलता मिलने पर जिले के सभी वितरण खंडों में मोबाइल कैशवैन टीम की तैनाती की जाएगी।
उपभोक्ताओं के मोबाइल पर दी जाएगी सूचना
मोबाइल कैश वैन टीम जिस क्षेत्र में जाएगी, वहां के उपभोक्ताओं को एक-दो दिन पहले ही इसकी सूचना उनके मोबाइल पर काॅल या मेसेज के माध्यम से दी जाएगी। अधिशासी अभियंता (द्वितीय) अरुण कुमार ने बताया कि कैशवैन टीम सुबह आठ से रात आठ बजे तक 12 घंटे तक काम करेगी। कैशवैन पर यूपीआई, आइएमपीएस, क्यूआर कोड समेत ऑनलाइन बैंकिंग के सभी माध्यमों से बिल के भुगतान की सुविधा मिलेगी। इस सप्ताह के अंत तक एक कैश वैन क्षेत्र में तैनात करने का निर्देश अनुबंधित कंपनी को दिया गया है।