सुल्तानपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉक्टर समय पर ड्यूटी नहीं आते हैं। यही नहीं वे इसके साथ ही निजी प्रैक्टिस भी कर रहे हैं। जिसका सीधा खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। इस तरह की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्राचार्य ने जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बना दी है। जिसने आठ डॉक्टरों को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है।
मेडिकल कॉलेज में बड़ी संख्या में ऐसे चिकित्सक हैं, जिनके खुद के अस्पताल और नर्सिंग होम चल रहे हैं। इसमें से अधिकांश चिकित्सक अपने नर्सिंग होम या अस्पताल के अलावा अन्य निजी अस्पतालों में भी सेवाएं दे रहे हैं। खासकर ड्यूटी टाइम में कई बार ये चिकित्सक इसी वजह से अस्पताल से गायब मिलते हैं। इस बात की शिकायतें लंबे समय से चली आ रही हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई अमल में नहीं आई है। इस तरह की खबरें और कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया में आने के बाद प्राचार्य डॉ. सलिल श्रीवास्तव ने सख्ती अपनाई है।
उन्होंने सीएमएस डॉ. एसके गोयल के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाकर रिपोर्ट मांगी है। सीएमएस ने बताया कि जिन आठ चिकित्सकों के नाम प्रकाश में आए थे, सभी को नोटिस भेजकर उनका पक्ष मांगा गया है। तीन दिन के भीतर जवाब मिल जाने के बाद आगे जांच की जाएगी। इसके बाद 15 दिन के भीतर रिपोर्ट प्राचार्य को सौंप दी जाएगी।