सुल्तानपुर। जिले में कृषि की नकली दवाओं पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को सदर, जयसिंहपुर और लंभुआ तहसील क्षेत्र में अधिकारियों ने छापे मारे। नकली दवाओं की आंशका होने पर 11 दुकानों से सैंपल लिए गए हैं। साथ ही 10 दुकानदारों को नोटिस जारी की गई है।
शासन के निर्देश पर चल रहे अभियान में जिला कृषि रक्षा अधिकारी दीपचंद चौरसिया व जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी ने कृषि दवा की 11 दुकानों पर छापा मारा। इसमें बरौंसा एग्री एजेंसी अमहट, साधुराम एंड संस रानीगंज, आरके बीज भंडार अमहट, जय किसान बंधु बीज भंडार व सुपर मौर्या बीज भंडार लंभुआ, किसान सेवा केंद्र मोतिगरपुर, किसान सेवा केंद्र पांडेयबाबा, रवि फर्टिलाइजर दियरा चौराहा, प्रदीप कृषि सेवा केंद्र व विक्रम कृषि सेवा केंद्र गोसाईगंज को नोटिस जारी की है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि नमूने की जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।