सुल्तानपुर। जिले में चल रहीं परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने अधिकारियों के पेंच कसे। कहा कि विकास कार्यों में जिले की रैंकिंग खराब करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। संचालित परियोजनाओं की गुणवत्ता परखने के लिए नोडल अधिकारी बनाने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख की लागत व उससे ऊपर की परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के जरिए आयोजित बैठक में डीएम ने विभागीय अधिकारियों को कार्यदायी संस्थाओं की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की नियमित अंतराल पर निरीक्षण करते हुए रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। परियोजनाओं के भूमि विवाद, कार्य की प्रगति, निर्धारित समय में पूर्ण होने की तिथि व कार्य पूर्ण करने में देरी समेत अन्य कारणों पर चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं की मासिक प्रगति पोर्टल पर समय से अपलोड कराएं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी। इस मौके पर सीएमओ डॉ. ओपी चौधरी, डीडीओ अजय कुमार पांडेय, पीडी (डीआरडीए) अशोक कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि रामाश्रय यादव, डीसी एनआरएलएम/मनरेगा केडी गोस्वामी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दद्दन कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।