सुल्तानपुर। कूरेभार के कस्बा पांचोंपीरन में मॉडल विद्यालय बनाए गए जूनियर विद्यालय में रसोई घर तक नहीं है। छात्रों के बैठने वाली बेंच टूटी है। साफ-सफाई भी ठीक नहीं पाई गई। बुधवार को निरीक्षण करने पहुंचे डीएम ने जल्द किचन बनवाने के निर्देश दिए हैं।
पांचोपीरन स्थित जूनियर विद्यालय को बेसिक शिक्षा विभाग ने मॉडल विद्यालय का दर्जा दे दिया है। बुुधवार दोपहर डीएम रवीश गुप्ता के निरीक्षण में मॉडल विद्यालय की पोल-पट्टी खुल गई। मॉडल विद्यालय में रसोई घर तक नहीं बनाया गया है। कक्षाओं में छात्रों के बैठने के लिए रखी गई बेंच टूटी पाई गई है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई।
उन्होंने बीएसए को जल्द किचन का निर्माण कराते हुए टूूूटी बेेंच दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही नियमित साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। विद्यालय का जायजा लेने के बाद डीएम ने कक्षा सात व आठ के छात्रों के शिक्षण ज्ञान को परखा। इसके बाद छात्रों को करीब 40 मिनट तक गणित व विज्ञान पढ़ाया।
उन्होंने छात्रों को शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए आगे बढ़ने की सीख दी। इसके पहले डीएम ने सिरवारा के गोवंश आश्रय स्थल का जायजा लिया। निरीक्षण में पशुओं के टीकाकरण समेत सफाई की जानकारी ली। इस मौके पर संबंधित मौजूद रहे।