कुड़वार। शादी के तीन दिन बाद ही नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया है। कुड़वार थाने के सुगवापुर राजापुर निवासी श्यामलाल के लड़के शनि बौद्ध की शादी पांच मई को पल्टू का पुरवा आदर्शनगर कोतवाली सुल्तानपुर के स्व. राम अंजोर की पुत्री प्रगति से हुई थी।
छह मई को विदा होकर प्रगति ससुराल पहुंची। बुधवार की शाम प्रगति का शव पंखे में दुपट्टे के सहारे लटका पाया गया। मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में प्रगति की भाभी रानी देवी ने पति, ससुर और देवर पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक अरुण द्विवेदी ने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।