लंभुआ (सुल्तानपुर)। क्षेत्र के बाबा बरियार शाह इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को गायत्री परिवार के तत्वावधान में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें 13 से 17 दिसंबर तक जिला मुख्यालय पर होने वाले प्रांतीय कन्या कौशल शिविर में छात्राओं को प्रतिभाग करने का आह्वान किया गया।
शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में शहर के गनपत सहाय पीजी कॉलेज पयागीपुर के पास एक मांगलिक लॉन में 13 दिसंबर से पांच दिवसीय प्रांतीय कन्या कौशल शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर को कामयाब बनाने के लिए बृहस्पतिवार को गायत्री परिवार के डॉ. सुधाकर सिंह की अगुवाई में बाबा बरियार शाह इंटर कॉलेज में गोष्ठी हुई। उन्होंने कक्षा छह से 12 तक की छात्राओं को प्रांतीय कन्या कौशल शिविर में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की धुरी महिलाएं होती हैं। इसलिए उनके व्यक्तित्व को समृद्ध बनाने की आवश्यकता है। तभी राष्ट्र समृद्ध हो सकेगा। हमें अपनी पुत्रियों को सुसंस्कृत, विवेकवान और चरित्रवान नारी के रूप में विकसित करना आवश्यक है। इसके लिए ही कन्या कौशल शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
गायत्री परिवार के कैलाश नारायण तिवारी ने सभी छात्राओं को शिविर में प्रतिभाग करने का संकल्प दिलाया। संस्थान के प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री अरुण सिंह, भूपेंद्र सिंह, पुरंजय सिंह, जयप्रकाश यादव, संतोष सिंह, शैलेंद्र तिवारी, छोटेलाल, अभिषेक सिंह व प्रमोद सिंह आदि मौजूद रहे।