सुल्तानपुर। राज्य अध्यापक पुरस्कार व मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए वेबसाइट एक बार फिर खोल दी गई है। अब अध्यापक 31 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे।
राजकीय माध्यमिक व अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों तथा संस्कृत विद्यालयों में कार्यरत उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से नवाजे जाएंगे। पुरस्कारों के लिए 30 नवंबर 2022 तक आवेदन मांगे गए थे।
राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए कुछ शिक्षकों ने आवेदन किया लेकिन मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार के लिए कोई आवेदन नहीं आया था। आवेदनों की कम संख्या को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। अब 31 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन किए जाएंगे।
जनपदीय समिति की ओर से एक से सात फरवरी तक आवेदनों का परीक्षण व स्थलीय सत्यापन कर पात्र शिक्षकों का चयन करते हुए मंडलीय चयन समिति को ऑनलाइन प्रस्ताव भेजा जाएगा। मंडलीय समिति पात्र अध्यापकों का चयन करते हुए आठ से 14 फरवरी तक निदेशालय स्तरीय चयन समिति को ऑनलाइन प्रस्ताव भेजेगी।
निदेशालय स्तरीय चयन समिति पात्र शिक्षकों को चयनित कर 15 से 21 फरवरी तक राज्य चयन समिति को ऑनलाइन प्रस्ताव प्रेषित करेगी। राज्य चयन समिति की ओर से चयन की कार्रवाई 22 से 28 फरवरी के मध्य की जाएगी। चयनित अध्यापकों को पुरस्कार वितरण 28 फरवरी के बाद किया जाएगा।
उत्कृष्ट कार्यों का करना होगा वीडियो अपलोड
सभी शिक्षक उत्कृष्ट कार्यों का विवरण आवेदन पत्र के साथ ऑनलाइन अपलोड करेंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्यों का पांच मिनट का वीडियो भी अपलोड किया जाएगा। सह जिला विद्यालय निरीक्षक अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर चयन समिति की ओर से चयनित अध्यापकों की एलआईयू रिपोर्ट भी मंगाई जाएगी।